भोपाल। मध्य प्रदेश में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां दिन के समय तेज धूप से हल्की गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रातें लगातार सर्द होती जा रही हैं। प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन ठंड का असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और महाकौशल संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। बीते 24 घंटों में 11 से अधिक शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। सबसे ठंडा जिला कटनी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमरिया और रीवा में भी पारा 7 डिग्री के आसपास पहुंच गया।