गुना। नवरात्रि के अवसर पर जयस्तंभ चौराहे पर इस बार शहर की सबसे बड़ी 21 फीट ऊंची काली माता की प्रतिमा वाली भव्य झांकी सजाई गई है। मां बीजासन दरबार सद्भावना झांकी समिति द्वारा लगातार 11वें वर्ष यह झांकी तैयार की गई है।

महाकाली की महाआरती के पश्चात 30 सितंबर की शाम स्व. माधवराव सिंधिया की 24वीं पुण्यतिथि पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के सुप्रसिद्ध गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। विशेष आकर्षण रहा समाजसेवी सुनील मालवीय का वह भावपूर्ण गीत, जिसे उन्होंने सिंधिया जी की स्मृति को समर्पित किया। गीत ने न केवल वातावरण को भावुक किया बल्कि उपस्थित जनसमूह ने इसे तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी मौजूद रहे। भजन संध्या में भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुण चतुर्वेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, जिला मंत्री शिवपाल परमार, मीडिया प्रभारी विकास जैन, मंडल अध्यक्ष परेश भार्गव व मुनेश धाकड़, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र धाकड़, अनुज जैन, अभीचल भार्गव, दिनेश झा, सुरेंद्र श्रीवास्तव, मोहित नामदेव, संगम सोनी, वरिष्ठ पत्रकार नूर हसन नूर, ध्रुव झा, मिस्बाह हसन, अर्जुन गिल और भारत यादव सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष तरुण मालवीय और व्यवस्थापक पवन जैन बंटी ने अतिथियों का माता की चुनरी उड़ा कर सम्मान किया। वहीं, झांकी की भव्यता और भजन संध्या की आध्यात्मिक छटा ने वातावरण को शक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण कर दिया।