रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर मंडल के दो जिलों में शनिवार को कुल 1.61 करोड़ रुपए के इनामी 51 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह आत्मसमर्पण ऐसे समय हुआ आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 34 महिलाएं शामिल हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि बस्तर पुलिस की 'पूना मारगेम पुनर्वास पहल' के तहत बीजापुर जिले में 20 महिलाओं समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है जबकि पड़ोसी सुकमा जिले में 14 महिलाओं समेत 21 अन्य नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि उग्रवादियों ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है।
यह आत्मसमर्पण उस समय सामने आया है जब बस्तर में ‘बस्तर पंडम 2026’ उत्सव का उद्घाटन जगदलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। आत्मसमर्पण की यह लहर छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सरकार की रणनीति को मजबूती देती दिख रही है। ऐसे अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों के चलते स्थानीय नक्सलियों में हिंसा छोड़कर शांतिपूर्ण जीवन अपनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति सुधरने की उम्मीद और बढ़ गई है।